Tuesday, July 21, 2026

कोरबा में बाढ़ का अलर्ट: बढ़ रहा बांगो बांध का जलस्तर, हसदेव नदी में छोड़ा जा सकता है पानी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनी माता बांगो बांध (माचाडोली जलाशय) का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, यदि जलाशय का जलस्तर 359.66 मीटर तक पहुंचता है तो बांध के गेट खोले जा सकते हैं, जिससे हसदेव नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाएगा।

71.67 प्रतिशत भर चुका है बांगो जलाशय

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि 21 जुलाई 2026 की स्थिति में बांगो जलाशय का जलस्तर 354.61 मीटर (71.67 प्रतिशत) दर्ज किया गया है। लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर बांध के गेट खोलने का निर्णय लिया जाएगा।

हसदेव नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील

विभाग ने हसदेव नदी के तट और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।

इसके साथ ही खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति में होने वाली किसी भी क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।