Tuesday, July 21, 2026

कोरबा में 7 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन: कुएं में गिरे नंदी बैल को RCRS टीम ने सुरक्षित निकाला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक नंदी बैल कुएं में गिर गया। करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम ने बैल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे नंदी बैल अचानक एक गहरे कुएं में गिर गया था। कुएं से आ रही आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बैल पानी और कीचड़ में फंस गया था और बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा था।

रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से निकाला गया बैल

घटना की सूचना मिलने के बाद RCRS टीम मौके पर पहुंची। टीम में मानस, उमेश और राज शामिल थे। उनके साथ स्थानीय गौ सेवक भी रेस्क्यू अभियान में जुट गए।

कुआं काफी गहरा और संकरा होने के कारण रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण था। टीम ने स्थिति का निरीक्षण करने के बाद रस्सी, बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से बैल को सावधानीपूर्वक बांधा और बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

ग्रामीणों और गौ सेवकों ने भी निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू अभियान में मौके पर मौजूद ग्रामीणों और गौ सेवकों ने भी सहयोग किया। सभी ने मिलकर रस्सी खींची और काफी प्रयासों के बाद नंदी बैल को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू सफल होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर टीम का उत्साह बढ़ाया।

इलाज के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

कुएं से बाहर निकालने के बाद पशु चिकित्सक ने नंदी बैल का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात रही कि बैल को कोई गंभीर चोट नहीं आई।