कोरबा। बालको नगर थाना पुलिस ने विद्युत टावर गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 65 हजार रुपए कीमत का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विद्युत सामग्री चोरी करने के आरोप में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पेट्रोलिंग के दौरान गिरा मिला विद्युत टावर
पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात बालको क्षेत्र के अंबेडकर चौक, भदरापारा के आगे सीएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे एक विद्युत टावर क्षतिग्रस्त हालत में गिरा हुआ मिला।
जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात लोगों ने विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी किया था।
जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद बालको नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
संदेह के आधार पर पुलिस ने दो युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने विद्युत टावर गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पूरा माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा एल्युमिनियम कंडक्टर वायर बरामद कर लिया। बरामद माल की कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन टंडन (25 वर्ष), निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा और वासु साण्डे उर्फ चिंटू (18 वर्ष 8 माह), निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा के रूप में हुई है।
किन धाराओं में हुई कार्रवाई?
बालको नगर थाने में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136, 139, लोक संपत्ति का नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 तथा BNS की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की है।
शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्ती
विद्युत टावर को गिराकर तार चोरी किए जाने की घटना से विद्युत व्यवस्था और शासकीय संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठते हैं। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्युत व्यवस्था और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विद्युत सामग्री चोरी करने वाले गिरोहों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।









