कोरबा। Korba Train Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार देर रात दर्दनाक रेल हादसा हो गया। मालगाड़ी की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवक के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद युवक गंभीर घायल अवस्था में रातभर रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। सुबह लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ढेगूनाला निवासी है घायल युवक
घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय रितेश सारथी, निवासी ढेगूनाला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रितेश के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
रेलवे ट्रैक पर बैठा था युवक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रितेश रेलवे ट्रैक पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां से तेज रफ्तार मालगाड़ी गुजरी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक के दोनों पैर कट गए। पुलिस ने युवक के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
रातभर ट्रैक पर पड़ा रहा घायल
हादसे के बाद युवक गंभीर हालत में रेलवे ट्रैक पर ही पड़ा रहा। रातभर किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। सुबह स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवक रेलवे ट्रैक पर क्यों गया? जांच जारी
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रितेश देर रात रेलवे ट्रैक पर क्यों गया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस चोरी करने, शौच के लिए जाने या आत्महत्या के प्रयास समेत अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों से भी पूछताछ
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जानने के लिए युवक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। रेलवे ट्रैक पर युवक किस परिस्थिति में पहुंचा, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।










