कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार को हुई लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। शहर का दादर नाला उफान पर है। नाला पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो पानी में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को भी बाहर निकाल लिया गया।
मना करने के बावजूद नाला पार कर रहे थे
बताया जा रहा है कि दादर नाला में पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों को वहां से गुजरने से मना किया गया था। इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार तीनों युवक नाला पार करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव में वाहन फंस गया और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा।
हालांकि, समय रहते तीनों दोस्त वाहन से बाहर निकल गए और सुरक्षित बच गए। घटना के बाद एहतियात के तौर पर नाले के दोनों ओर से आवाजाही बंद कर दी गई है।
कई वार्डों में घरों तक पहुंचा पानी
लगातार बारिश के चलते कोरबा नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है। आरपी नगर, चिमनी भट्टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है।
चिमनी भट्टा में करीब 40 घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। वहीं शारदा विहार अटल आवास में 12 से अधिक घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया है। अमरैया पारा में भी कई घरों और किचन तक गंदा पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निचले इलाकों में बढ़ी लोगों की परेशानी
बारिश और नालों के ओवरफ्लो होने से कई रिहायशी क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। घरों और दुकानों के आसपास पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
अगले दो दिनों तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
ऐसे में नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज बहाव वाले नालों को पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।










