कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मोतीसागर पारा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यापारी की घर में फंदे पर लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगमोहन केंवट (40) के रूप में हुई है। वह भजिया-बड़ा बेचकर पत्नी और दो बच्चों का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह परिजनों ने जगमोहन को कमरे में पंखे से कपड़े के सहारे फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जगमोहन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन भी मौत की वजह को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पाए हैं।
आर्थिक परेशानी या पारिवारिक विवाद की जांच
कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।










