Thursday, May 28, 2026

कोरबा में मुंबई के चांदी व्यापारी की मुश्किलें बढ़ीं, चोरी के बाद FIR नहीं, GST दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर

कोरबा। मुंबई से छत्तीसगढ़ में चांदी के जेवर सप्लाई करने वाले व्यापारी संजय कुमार बाहेती इन दिनों पुलिस और केंद्रीय जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान हैं। व्यापारी का आरोप है कि कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बस यात्रा के दौरान उनके 10 किलो चांदी के जेवर चोरी हो गए, लेकिन पुलिस ने अब तक चोरी की एफआईआर दर्ज नहीं की है।इतना ही नहीं, चोरी से बची 12 किलो 377 ग्राम चांदी भी केंद्रीय जीएसटी कार्यालय में फंसी हुई है, जिससे व्यापारी को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस यात्रा के दौरान हुई चोरी

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी संजय कुमार बाहेती 13 मई को अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे। उनके पास करीब 23 किलो चांदी के जेवर थे। देर रात बांगो थाना क्षेत्र स्थित एक होटल पर बस रुकी, जहां संजय लघुशंका के लिए नीचे उतरे और अपने तीन बैग सीट पर छोड़ दिए।कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि 10 किलो चांदी से भरे दो बैग गायब हैं। व्यापारी ने तुरंत मामले की जानकारी बस कर्मचारियों और पुलिस को दी।

पुलिस पर उल्टा शक जताने का आरोप

संजय का आरोप है कि बांगो पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज करने के बजाय उन्हीं पर शक जताया। व्यापारी के अनुसार पुलिस ने कहा कि “आपके पास कोई माल नहीं था, और यदि था भी तो चोरी आपने खुद की है।”इसके बाद पुलिस ने चोरी से बची 12.377 किलो चांदी को जब्त कर दस्तावेज केंद्रीय जीएसटी कार्यालय भेज दिए।

जीएसटी कार्यालय के चक्कर काट रहे व्यापारी

व्यापारी का कहना है कि उन्होंने चांदी से संबंधित सभी वैध दस्तावेज जमा कर दिए हैं, इसके बावजूद जीएसटी अधिकारी क्लीयरेंस देने में टालमटोल कर रहे हैं। कई दिनों से वह लगातार जीएसटी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।

व्यापारियों ने जताया आक्रोश

मामले की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जगदीश सोनी, सुभाष अग्रवाल समेत कई व्यापारी बुधवार शाम जीएसटी कार्यालय पहुंचे।व्यापारियों ने अधिकारियों पर व्यापारी को अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि सभी वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं, तब भी व्यापारी को न्याय नहीं मिल रहा है, तो यह कारोबारियों के लिए चिंताजनक स्थिति है।

आंदोलन की चेतावनी

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मुंबई के व्यापारी को जल्द न्याय नहीं मिला और उनकी चांदी वापस नहीं की गई, तो कोरबा के व्यापारी आंदोलन करेंगे।साथ ही बांगो पुलिस के रवैये पर भी नाराजगी जताते हुए कहा गया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय व्यापारी को ही संदेह के घेरे में खड़ा करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

फिलहाल व्यापारी संजय कुमार बाहेती न्याय और कार्रवाई की उम्मीद में प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहे हैं।