कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा रेलवे स्टेशन के नवनीकरण कार्य में हो रही देरी और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि कोरबा जिला भारतीय रेल को सर्वाधिक राजस्व देने वाले प्रमुख जिलों में शामिल है, इसके बावजूद कोरबा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य पिछले कई वर्षों से धीमी गति से चल रहा है और अब तक पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के कई रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, लेकिन कोरबा रेलवे स्टेशन अभी भी कई मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। स्टेशन पर निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतीक्षालय, पार्किंग और पेयजल सुविधाओं का मुद्दा उठाया
सांसद ज्योत्सना महंत ने पत्र में उल्लेख किया कि कोरबा रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद यहां प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग, यात्री आवागमन व्यवस्था और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि कोरबा रेलवे स्टेशन के नवनीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए और यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
सांसद ने कहा कि कोरबा जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक जिले के रेलवे स्टेशन का विकास क्षेत्र की जनता और यात्रियों की सुविधा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले में शीघ्र पहल करेगी।









