कोरबा । पिछले तीन-चार दिनों में जिले में अचानक बढ़े कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की अब प्रशासन की टीम द्वारा आकस्मिक जांच की जायेगी। होम आइसोलेशन के निर्धारित नियमों, कंटेनमेंट प्रोटोकॉल का पालन जैसे विषयों पर प्रशासन की टीम मौके पर जाकर तकसीद करेगी। नियमों का उल्लंघन पाये जाने पर संबंधित व्यक्ति और उसके परिजनों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई तथा जुर्माना किया जायेगा। जिले में बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज वीडियो कांफेंसिंग के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा डाक्टरों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में उन्होंने कोविड संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए होम आइसोलेशन के नियमों को सख्ती से पालन कराने और आमजनों से कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने पर विशेष जोर दिया। श्रीमती साहू ने इसके साथ ही गंभीर कोविड मरीजों के ईलाज के लिए सीपेट और ईएसआईसी कोविड अस्पतालों में सभी तैयारियां और इंतजाम अगले दो दिनों में पूरे करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा, प्रभारी एडीएम श्री सुनील नायक, सीएमएचओ डॉ.बी.बी.बोडे सहित चारों राजस्व अनुभागों के एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, बीएमओ और अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।









