Thursday, October 22, 2026

कोरबा: 112 वाहन पर असामाजिक तत्वों का हमला, पुलिसकर्मी और चालक बाल-बाल बचे

कोरबा। बीती रात बालको क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई, जहां इवेंट पर जा रहे 112 वाहन पर असामाजिक तत्वों ने घात लगाकर पथराव कर दिया। इस हमले में वाहन चालक और पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर हमलावर भागने में सफल रहे।

झाड़ियों में छिपकर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, बालको चेक पोस्ट लाल घाट में इवेंट नंबर KRB/11 को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व सड़क पर पत्थर रखकर राहगीरों का रास्ता रोक रहे हैं। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन झाड़ियों में छिपे उपद्रवियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। उस वक्त वाहन में केवल ड्राइवर और एक पुलिसकर्मी मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और तुरंत बालको थाना पुलिस को सूचित किया।

राहगीरों में दहशत का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 12:39 बजे की है। पहले बाइक सवारों पर पत्थर फेंके गए, जिससे वे डरकर भाग निकले। इसके बाद उपद्रवियों ने सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिए, जिससे वाहन चालकों को रुकना पड़ा और इसी दौरान उन पर झाड़ियों से लगातार पथराव होने लगा। इस घटना के चलते इलाके में रातभर दहशत बनी रही और राहगीर काफी परेशान रहे।