दंतेवाड़ा जिले के एक शहर में मामूली विवाद के चलते मामा और उसके परिवार के सदस्यों ने अपनी भांजी और बहन की बेरहमी दे पिटाई की है। 8 महीने की गर्भवती भांजी और उसकी मां को लात-घूंसे के साथ डंडे, पत्थर से मारा है। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की है। मामला किरंदुल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, किरंदुल शहर के मेन मार्केट में रहने वाले सरोज गुप्ता और उसकी बहन का घर आस-पास में ही है। बताया जा रहा है कि, सरोज गुप्ता अपने घर के बाहर कुछ काम कर रहा था और उसकी गर्भवती भांजी अपने घर के बाहर हाथ में मोबाइल पकड़कर खड़ी हुई थी। यह देख सरोज गुप्ता को लगा कि उसकी भांजी उसका वीडियो बना रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी बाहर निकल आए और मारपीट शुरू हो गई।











