Saturday, May 2, 2026

गेवरा में CISF का 57वां स्थापना दिवस समारोह, जवानों की परेड और सुरक्षा डेमो ने मोहा मन

कोरबा। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का 57वां स्थापना दिवस समारोह कोरबा जिले के गेवरा स्थित CISF परेड ग्राउंड में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में सीएमडी दुहन ने कहा कि CISF का स्थापना दिवस पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि देश के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF के कंधों पर है, जिसे बल पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभा रहा है। उन्होंने CISF की तुलना देश की सीमाओं पर तैनात सेना से करते हुए कहा कि जिस तरह सेना सीमाओं की रक्षा करती है, उसी तरह CISF देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करती है।

कार्यक्रम के दौरान CISF के उप महानिरीक्षक निर्विकार ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि बल का मुख्य उद्देश्य देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने CISF को राष्ट्र की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण वाहक बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस दिशा में CISF पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। एसईसीएल जैसे बड़े औद्योगिक संस्थानों के साथ मिलकर बल राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

समारोह में CISF के वरिष्ठ कमांडेंट डॉ. नागेंद्र कुमार झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान CISF जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट और परेड का प्रदर्शन किया। साथ ही सुरक्षा से संबंधित डेमो भी प्रस्तुत किए गए, जिसकी उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सराहना की।

उप महानिरीक्षक निर्विकार ने बताया कि गेवरा में CISF के करीब 1500 जवान तैनात हैं। बल छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुल आठ जिलों में अपनी सेवाएं दे रहा है, जिनमें छत्तीसगढ़ के पांच और मध्य प्रदेश के तीन जिले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रायगढ़ और कुसमुंडा में CISF की तैनाती बढ़ाई जाएगी।