रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम के तेवर देखने को मिले। रायगढ़ और गरियाबंद जिलों में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। गरियाबंद के इंदागांव, उदंती और जुगाड़ क्षेत्रों में ओले गिरने से नेशनल हाईवे 130C और आसपास के खेतों में बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।
बीते 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। इसके बावजूद गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में दो प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं—दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के पास साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक फैली ट्रफ लाइन, जो छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इनके प्रभाव से प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।








