Friday, November 20, 2026

जंगल में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, TI समेत 4 घायल; 400 से ज्यादा जवानों ने संभाला मोर्चा, 1.25 लाख पेड़ों को नुकसान

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया गया। विरोध के दौरान विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें खल्लारी थाना प्रभारी (TI) समेत चार लोग घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने मोर्चा संभाला और विरोध कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

वन विभाग की कार्रवाई में एक बड़ा खुलासा भी हुआ है। विभागीय सर्वे के मुताबिक, पिछले 10 साल में करका जंगल की 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किया गया। इस दौरान करीब 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या उन्हें नुकसान पहुंचाया गया।

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, हिंसक झड़प में 4 घायल

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम करका जंगल में सरकारी वनभूमि से कब्जा हटाने पहुंची थी। इस अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। महिला वनकर्मियों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि लोगों ने टीम पर हमला करने के साथ आगजनी की कोशिश भी की। इस दौरान खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता तथा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हो गए।

तीन आरोपी हिरासत में, वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने स्थिति नियंत्रित की। मामले में श्याम लाल (55 वर्ष), देवलाल नेताम (40 वर्ष) और योगेश कुमार (28 वर्ष) को हिरासत में लिया गया है।

टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

10 साल में 22 से बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हुआ अतिक्रमण

वन विभाग के सर्वेक्षण में करका जंगल में अतिक्रमण का दायरा तेजी से बढ़ने की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2016 में यहां करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा था, जो वर्ष 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया।

इसका आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, एक दशक में वनभूमि पर अतिक्रमण चार गुना से अधिक बढ़ गया।

1.25 लाख पेड़ों की कटाई और नुकसान, गर्डलिंग का भी इस्तेमाल

वन विभाग के आकलन के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों में करका जंगल क्षेत्र में लगभग 1.25 लाख पेड़ों को काटा गया या नुकसान पहुंचाया गया। जांच में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का एक तरीका भी सामने आया है।

बताया गया है कि कुछ पेड़ों के तनों की छाल चारों तरफ से हटाई गई, जिससे धीरे-धीरे पेड़ सूख जाते हैं। इस प्रक्रिया को गर्डलिंग (Girdling) कहा जाता है।

वनभूमि को कब्जामुक्त कराने चलाया गया बड़ा अभियान

करका जंगल में लगातार बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए वन विभाग ने पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया। इसमें 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। अभियान का उद्देश्य आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना और जंगलों को हो रहे नुकसान पर रोक लगाना था।

कार्रवाई के दौरान हुए हमले के बाद वनकर्मियों की सुरक्षा और टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वनभूमि की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।