बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोटा क्षेत्र के शिवतराई जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की अधजली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक की बाइक भी जली हुई हालत में मिली है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव और बाइक को आग के हवाले किया गया होगा। हालांकि, हत्या और आग लगाए जाने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जली हुई बाइक देखकर लोगों को हुआ शक, पास में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने सुनसान इलाके में एक जली हुई बाइक देखी। संदेह होने पर वे पास पहुंचे तो कुछ दूरी पर युवक का अधजला शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
अंधेरा होने से रात में नहीं हो सकी विस्तृत जांच
पुलिस गुरुवार देर शाम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण विस्तृत जांच नहीं हो सकी। मौके पर शुरुआती फोटोग्राफी की गई, जबकि फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी अंधेरे के चलते बारीकी से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई पूरी नहीं कर सकी। अब पुलिस की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी। साक्ष्य जुटाने के लिए स्निफर डॉग की मदद भी ली जाएगी।
मृतक की पहचान बनी पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती
इस मामले में फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर शव और बाइक को जलाया गया होगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाल रही है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच से मौत की वजह और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
SSP के निर्देश पर रातभर सक्रिय रही ACCU टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम को तत्काल सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक कोटा के शिवतराई और आसपास के इलाकों में जांच करती रही। स्थानीय लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई, लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
पुलिस अब मृतक की पहचान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और आसपास के इलाकों में मिले सुरागों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।






