Thursday, March 12, 2026

जयंती समारोह के दौरान युवक की हत्या, नाचने के विवाद ने लिया खूनी रूप

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत सतनाम चौक पर एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जयंती समारोह के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई।

मृतक की पहचान नीतिल खरे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयंती समारोह में नृत्य को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने नीतिल खरे पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने इस मामले में शामिल दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जयंती समारोह में सुरक्षा व्यवस्था और विवाद के कारणों की भी गहराई से जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।