Saturday, April 4, 2026

जादू-टोना के शक में भतीजे ने चाचा की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से जादू-टोना के शक में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भतीजे ने अपनी मां की मौत का बदला लेने के शक में टंगिया (कुल्हाड़ी) से अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 फरवरी 2026 की है। मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50 वर्ष) निवासी ग्राम पोंदुम-2, गोटखुटापारा के रूप में हुई है। आरोपी भतीजा मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके पीछे उसके चाचा कोसा मंडावी का हाथ है।

बताया गया कि इसी संदेह को लेकर आरोपी और मृतक के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। मां की मौत का बदला लेने की भावना में आरोपी ने हत्या की साजिश रची और 3 फरवरी को मौका पाकर अपने चाचा के घर पहुंचा। उसने टंगिया से सिर और कंधे सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर कोसा मंडावी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान मृतक का शव घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में हत्या की कड़ी जुड़ती चली गई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सना हाफ नेकर जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि जादू-टोना के शक में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।