Tuesday, November 24, 2026

ठगी केस: कारोबारी दीपक टंडन के बंद होटल में मिला आपत्तिजनक सामान, स्पा से संदिग्ध दस्तावेज जब्त; रिमांड 2 दिन बढ़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपी कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस जांच के दौरान उसके तेलीबांधा स्थित होटल वेलकम श्री में कई चौंकाने वाली चीजें मिली हैं। तलाशी में लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, कंडोम, सिगरेट के पैकेट और ग्राहकों से जुड़ी डायरियां बरामद की गई हैं। होटल में संचालित स्पा से भी कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। इधर, कोर्ट ने दीपक टंडन की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर की रात पुलिस आरोपी दीपक टंडन को लेकर तेलीबांधा स्थित उसके होटल वेलकम श्री पहुंची थी। यहां पुलिस ने होटल और उसके अंदर संचालित स्पा की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, होटल करीब छह महीने से बंद था। इसके बावजूद कमरों में आपत्तिजनक सामान और अन्य सामग्री मिली है।

ग्राहकों की डायरियों में मिले नाम और मोबाइल नंबर, लेनदेन की होगी जांच

होटल के स्पा से ग्राहकों की डायरियां, मोबाइल नंबर और दूसरे दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इन डायरियों में दर्ज नामों और संपर्क नंबरों की जांच कर रही है। साथ ही लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित ठगी के नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और रकम किन लोगों तक पहुंची।

स्पा से आपत्तिजनक सामान बरामद, संदिग्ध गतिविधियों की जांच

पुलिस की तलाशी के दौरान होटल के अंदर संचालित स्पा से लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, सिगरेट और अन्य सामान बरामद हुआ है। इन वस्तुओं के मिलने के बाद पुलिस होटल में संचालित गतिविधियों के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

मामले में आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी समेत पांच लोगों ने दीपक टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में पांच अलग-अलग FIR दर्ज कराई थीं। पुलिस इन्हीं शिकायतों से जुड़े मामलों की जांच के लिए आरोपी को होटल लेकर पहुंची थी।

होटल में आपत्तिजनक वीडियो बनाने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

जांच के दौरान स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन दिखाई दे रहा है। पुलिस अब इस आशंका की भी जांच कर रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें या वीडियो बनाए जाते थे।

हालांकि, होटल में इस तरह की गतिविधियां होने की बात की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जब्त दस्तावेजों, वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

दीपक टंडन की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी

करोड़ों रुपए की कथित ठगी के मामले में गिरफ्तार कारोबारी दीपक टंडन से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में नए तथ्य सामने आने और होटल से दस्तावेज बरामद होने के बाद पुलिस इन सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। सोमवार को उसकी पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी गई।