रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों को सामान्य करने का एलान किया है। ऐसे में कोरोनानकाल के पहले की तरह यात्री सेवाओं को सामान्य करने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए रेलवे में डाटा अपग्रेड और पुरानी ट्रेनों की फीडिंग के लिए आरक्षण प्रणाली (PRS) को 14 से 21 नवंबर तक कम दबाव के समय में 6 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।
कोरोना काल के दौरान ट्रेनें बंद थी। इसके बाद रेलवे बोर्ड कुछ स्पेशल ट्रेनें चला रहा था। इसके चलते पुरानी ट्रेनों के डाटा को हटाकर वर्तमान में चलने वाली स्पेशल गाड़ियों के डाटा को अपग्रेड किया गया था। अब रेलवे बोर्ड ने सभी ट्रेनें शुरू करने का निर्णय लिया है। लिहाजा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली गाड़ियों का डाटा अपग्रेड करना पड़ेगा। ताकि, रिजर्वेशन डाटा को व्यवस्थित किया जा सके।
रेलवे ने पहले की तरह गाड़ियों का नए सिरे से डाटा अपग्रेड का काम शुरू कर दिया है। रेलवे के अनुसार इस दौरान 14 नवंबर की रात 11.30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक डाटा अपग्रेड किया जाएगा। पुरानी गाड़ियों के नंबर की फीडिंग के चलते इस समय में यात्रियों को PRS की सुविधाएं नहीं मिल पाएगी। यह स्थिति 21 नवंबर तक रहेगी। हालांकि लोग पहले की तरह दिन में रिजर्वेशन करा सकेंगे।











