Monday, September 28, 2026

डिप्टी मैनेजर के बेटे की 47 घंटे बाद लाश मिली:पिकनिक मनाने आया था, नहाते वक्त हसदेव नदीं में डूबा था 10वीं का स्टूडेंट

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में डिप्टी मैनेजर के बेटे की लाश 48 घंटे बाद मिली है। वह रविवार को अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने आया था, तभी दोपहर के नहाते वक्त हसदेव नदीं में डूब गया था। मंगलवार को उसका शव अपने आप पानी के ऊपर आ गया। पिछले 2 दिनों से SDRF(स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम उसकी तलाश कर रही थी। मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका था। मामला पंतोरा चौकी क्षेत्र का है।

रविवार को कोरबा जिले के दीपका इलाके से मारुति क्लीन कोल एंड पावर लिमिटेड में डिप्टी मैनेजर अशोक प्रवीण सिंह का बेटा आयुष्मान सिंह (15) अपने परिवार के साथ जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट में पिकनिक मनाने आया था। दोपहर को करीब 1 से 2 बजे के बीच आयुष्मान अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ नहाने के लिए नदी में गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था।

आयुष्मान के लापता होने के बाद से ही SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों की टीम उसकी तलाश कर रहीं थी। रविवार को टीम ने देर शात तक आयुष्मान का पता लगाया। इसके बाद सोमवार दिनभर टीम उसकी खोजबीन करती रही। इसके बावजूद उसका कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को जब रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। तब करीब 12 बजे के आस-पास आयुष्मान का शव अपने आप नदी में ऊपर आ गया। आयुष्मान का शव देख परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।