Saturday, March 14, 2026

डीएड अभ्यर्थियों का अनशन 81वें दिन भी जारी, विधानसभा घेराव के लिए निकले अभ्यर्थियों को पुलिस ने रोका

रायपुर। डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन रविवार को 81वें दिन भी जारी रहा। न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थी दण्डवत प्रणाम करते हुए विधानसभा घेराव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।

मौके पर मौजूद एसडीएम ने बताया कि अभ्यर्थी बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हुए हैं, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि वे आगे बढ़ते हैं तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

दरअसल डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर के तूता स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को स्पष्ट आदेश दिया था कि 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर 2621 डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण अभी भी 1326 पात्र डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।

डीएड अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग ने 2621 पदों पर बिना दस्तावेज सत्यापन के ही कॉमन मेरिट सूची से स्कूल आवंटन कर दिया, जिसके कारण कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल मिल गए। इसके चलते बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित रह गए।

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सभी पात्र डीएड अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए।