Sunday, July 26, 2026

तीर्थयात्रा में साथ जाने को लेकर विवाद, नवविवाहित दंपति ने खाया जहर; दोनों की हालत स्थिर

कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के केराकछार गांव में एक नवविवाहित दंपति ने घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। समय रहते परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने से दोनों की जान बच गई। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय अकील सिंह रथयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी 21 वर्षीय पत्नी किरण सिंह ने भी साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन अकील के मना करने पर वह अकेले ही कार्यक्रम में चला गया।

 

बताया जा रहा है कि रात में घर लौटने के बाद अगले दिन सुबह इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान गुस्से में पहले किरण ने घर में रखा कथित जहरीला पदार्थ पी लिया। पत्नी की हालत बिगड़ती देख अकील ने भी आवेश में आकर वही कदम उठा लिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई और अब उनकी स्थिति स्थिर है।

 

रजगामार चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।