कोरबा। शहर में शनिवार सुबह हुई तेज बारिश ने दादर नाले की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी। बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो वाहन नाले में डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 5 से 7 वर्षों से बारिश के दौरान दादर नाला इसी तरह उफान पर आ जाता है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के इलाकों में पानी भर जाता है और कई बार घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बनती है। हर साल बारिश के मौसम में रहवासियों को इसी समस्या का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों का आरोप है कि समस्या सामने आने पर जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचते हैं, लेकिन निरीक्षण के बाद मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है। वर्षों से जलभराव की समस्या बनी होने के बावजूद इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक ठोस पहल नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
शनिवार को स्कॉर्पियो के नाले के पानी में डूबने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और नाले की सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से दादर नाले की नियमित सफाई कराने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।









