Tuesday, April 21, 2026

तोते के लिए फायर ब्रिगेड! पानी की बौछार से रेस्क्यू, वीडियो वायरल

नारायणपुर। नारायणपुर में भीषण गर्मी और जल संकट के बीच सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। एक पालतू तोते को पकड़ने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाकर पेड़ पर पानी की तेज बौछार की गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, OBC बॉयज हॉस्टल परिसर के पास एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया था और लंबे समय तक नीचे नहीं उतर रहा था। बताया जा रहा है कि यह तोता किसी प्रशासनिक अधिकारी का था, जिसे उतारने के लिए दमकल टीम को बुलाया गया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने तोते को नीचे लाने के लिए पेड़ पर पानी की तेज धार छोड़ी। इस दौरान बड़ी मात्रा में पानी खर्च हुआ। बाद में तोता पेड़ से उड़कर पास के भवन की छत पर पहुंचा, जहां उसे पकड़ लिया गया। जानकारी के मुताबिक, इस्तेमाल किया गया दमकल वाहन नगर सेना का था।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। आम नागरिकों का कहना है कि फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का उपयोग आगजनी और आपदा जैसी गंभीर परिस्थितियों के लिए होना चाहिए, न कि निजी कामों के लिए। खासकर जल संकट के समय इस तरह पानी की बर्बादी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल मामला प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है।