बिलासपुर। बिलासपुर में फ्लैट नामांतरण की फाइल एक साल तक लंबित रहने से नाराज युवक ने अनोखा विरोध किया। पीड़ित तरुण साहू आधा किलो बादाम लेकर हाउसिंग बोर्ड ऑफिस पहुंचा और अधिकारियों को देते हुए कहा—“इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी… जब मेरी फाइल याद आ जाए तो बता दीजिए।” इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, तरुण साहू ने 17 मार्च 2025 को नामांतरण के लिए आवेदन किया था। 11 नवंबर 2025 को प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी फाइल उन्हें नहीं दी गई और दफ्तर में ही पड़ी रही। इससे परेशान होकर युवक को कई महीनों तक चक्कर काटने पड़े।
मामले के तूल पकड़ने के बाद गृह निर्माण मंडल ने जांच कराई, जिसमें लापरवाही सामने आई। इसके बाद संपदा अधिकारी एलपी बंजारे और संपदा प्रबंधक पूनम बंजारे को मुख्यालय नवा रायपुर अटैच कर दिया गया है।
हालांकि, दूसरी ओर एक महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि बिना पक्ष सुने ही कार्रवाई की गई। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद कुछ कर्मचारियों ने युवक पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
फिलहाल इस मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और सोशल मीडिया पर भी बयानबाजी जारी है, जबकि विभाग ने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाने की बात कही है।







