दफन स्थल से छेड़छाड़ की आशंका से सनसनी, तंत्र-मंत्र के सामान मिलने से दहशत

बालोद जिले में एक मासूम बच्ची के दफन स्थल से छेड़छाड़ की आशंका ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद‑बी का है, जहां तीन वर्षीय प्रिया साहू की मौत के बाद दफनाए गए स्थान के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है।

तंत्र-मंत्र के सामान मिलने से बढ़ी आशंका

जानकारी के मुताबिक 9 अक्टूबर 2025 को तीन वर्षीय प्रिया साहू की मौत के बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के पास दफनाया था। शुक्रवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दफन स्थल को अस्त-व्यस्त देखा।

पास ही कटा हुआ नींबू, मिट्टी के दीये और अगरबत्ती जैसे तंत्र-विद्या से जुड़े सामान मिलने पर ग्रामीणों को शव से छेड़छाड़ की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू

सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृत बच्ची के पिता ने चौकी प्रभारी को आवेदन देकर दफन स्थल की खुदाई कर जांच कराने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि शव को बाहर निकालने की कार्रवाई एसडीएम की अनुमति मिलने के बाद ही की जाएगी। इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।

गांव में दहशत, हर पहलू से जांच

घटना के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।