Wednesday, June 3, 2026

दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड, 21 लोगों की मौत, 37 को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उसके ऊपर बने होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग रेस्टोरेंट से शुरू होकर ऊपर बने होटल फ्लोरिश स्टे तक फैल गई। दमकल कर्मियों और राहत टीमों ने बचाव अभियान चलाकर 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

जान बचाने के लिए इमारत से कूदे लोग

हादसे के दौरान इमारत में फंसे कई लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से नीचे कूदते नजर आए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर लोगों को बचाने की कोशिश की। आग और धुएं के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

होटल में ठहरे थे विदेशी नागरिक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल में सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों के कई नागरिक ठहरे हुए थे। इनमें से कुछ लोग इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए हुए थे। हालांकि मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

अग्निकांड के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस, दमकल विभाग और अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।