बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला स्थित भाटिया रेसिडेंसी अपार्टमेंट में देर रात एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जब चौथे माले पर स्थित एक फ्लैट से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। अपार्टमेंट में रहने वाले लोग दहशत में आ गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई।
जानकारी के अनुसार, फ्लैट में रहने वाले यश रेलवानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और अपनी मां व बहन के साथ यहां रहते हैं। घटना के समय उनकी बहन की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते वे मां और बहन को लेकर अस्पताल चले गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनके फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं और तुरंत उन्हें फोन कर सूचना दी।
जब तक यश रेलवानी मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरे फ्लैट में फैल गई थी। आग इतनी तेज थी कि घर के सभी कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर खाक हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि परिवार के सदस्य पहले ही घर से बाहर जा चुके थे। हालांकि, इस आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद अपार्टमेंट के निवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।









