Sunday, August 23, 2026

देवयानी चिटफंड कंपनी के 9,866 निवेशकों को आज मिलेगा पैसा, सभी खातेदारों के अकाउंट में आनलाइन डाले जाएंगे पैसे

रायपुर । चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगे जाने के बाद पैसे मिलने का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए राहत की खबर है। शुक्रवार से देवयानी चिटफंड कंपनी के करीब 9,866 निवेशकों को पैसे मिलने शुरू होंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी पीड़ितों को मेडिकल कालेज के पीछे आडिटोरियम हाल में बुलाया गया है। हालांकि पैसे सभी के खाते में आनलाइन ट्रांसफर होंगे।

बताया जा रहा है कि सभी खातेदारों को 20 प्रतिशत राशि लौटाई जाएगी यानी जिन्होंने एक लाख रुपये जमा किए हैं, उन्हें 20 हजार रुपये और जिन्होंने पांच लाख जमा किए हैं, उन्हें एक लाख रुपये मिलेंगे। देवयानी चिटफंड कंपनी के निवेशकों को राशि लौटाने की सारी तैयारी जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। देवयानी चिटफंड कंपनी की प्रापर्टी नीलामी से जिला प्रशासन को 4,14, 92,500 रुपये मिले हैं। रायपुर जिले के निवेशकों को पहली बार राशि मिलनी शुरू होगी। इससे पहले राजनांदगांव, बेमेतरा समेत कुछ अन्य क्षेत्रों के निवेशकों को राशि लौटाई गई है।

गोल्ड की इंफ्रावेंचर और निर्मल इंफ्राहोम के निवेशकों को भी जल्द ही राशि मिलेगी। बताया जा रहा है कि इन दोनों ही कंपनियों के निवेशकों से आनलाइन आवेदन बुलाए गए हैं। इन आवेदनों की जांच भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही इन आवेदनों की जाचं पूरी होगी, इनके निवेशकों को भी राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इन दोनों कंपनियों के निवेशकों की संख्या 1,990 है।