Sunday, August 2, 2026

धमतरी के प्रेमी जोड़े ने बालोद में लगाई फांसी:वैलेंटाइन डे के दिन से दोनों थे लापता,अब एक ही पेड़ पर लटकी मिली लाश

धमतरी जिले के रहने वाले प्रेमी जोड़े ने बालोद में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। दोनों 14 फरवरी वैलेंटाइन डे के दिन से लापता थे। अब एक ही पेड़ पर दोनों की फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है। मामला गुरूर थाना के राजाराव पठार गांव है।

 

गुरुर पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली की राजाराव पठार गांव में ही एक पेड़ पर 2 लोगों की लाश लटकी हुई है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करने पर पता चला कि दोनों धमतरी शहर के रहने वाले हैं। लड़के की पहचान गगन मारकंडे(21) के रूप में हुई है, जबकि लड़की 17 साल की नाबालिग है। इसके बाद धमतरी की सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही परिजनों को भी सूचित किया गया है।