Wednesday, April 15, 2026

धान की MSP 100 रुपए बढ़ी:मुख्यमंत्री ने कहा-छत्तीसगढ़ में किसानों को इस साल 2640 रुपए मिलेगा, बढ़ोत्तरी को कम भी बताया

केंद्रीय मंत्रिपरिषद ने खरीफ की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य(MSP) बढ़ा दिया है। छत्तीसगढ़ की सबसे प्रमुख फसल धान की कीमत में 100 रूपये प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है, प्रोत्साहन राशि मिलाकर छत्तीसगढ़ के किसानों को इस साल प्रति क्विंटल 2640 रुपए मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि, “धान के समर्थन मूल्य में 100 रूपये की बढ़ोत्तरी हुई है। हम किसानों को कई फसलों के लिए नौ हजार प्रति एकड़ की इनपुट सब्सिडी देते हैं। इस‌ राशि को मिलाकर अब छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रति क्विंटल धान का 2640 रूपये मिलेगा। लेकिन समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोत्तरी बहुत कम है।’ मुख्यमंत्री ने लिखा, “केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया‌ था लेकिन समर्थन मूल्य में सिर्फ 100 रूपये की बढ़ोत्तरी हुई है। डीजल, बीज, दवा और खाद सबकी कीमतें बढ़ने से कृषि का लागत मूल्य बहुत बढ़ा है। समर्थन मूल्य कम से कम दो सौ रूपये बढ़ना चाहिए।’