Thursday, September 24, 2026

नशा छुड़ाने का खौफनाक तरीका:मां ने गांजा पीने वाले बेटे को खंभे से बांधकर आंख में लाल मिर्च डाली; पड़ोसी महिला ने भी मदद की

बेटे के गांजा पीने की लत छुड़ाने के लिए तेलंगाना की एक मां ने खौफनाक तरीका निकाला। यहां के सूर्यापेट जिले में एक महिला ने अपने 16 साल के बेटे को खंभे से बांध दिया और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर रगड़ दिया। मजेदार बात ये रही कि इस प्रयास में एक पड़ोसी महिला ने भी उसका साथ दिया।

यह घटना सोमवार को सूर्यापेट जिले के कोडाद इलाके में हुई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला अपने बेटे के चेहरे पर मिर्च पाउडर लगा रही है। वहीं, दूसरी महिला लड़के का हाथ पकड़ मदद कर रही है। मिर्च लगने के बाद लड़का दर्द से चीख रहा है। बेटे के नशा छोड़ने के वादे के बाद महिला ने उसकी रस्सी खोल दी।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर महिला की सराहना की जा रही है। इसमें कई यूजर्स इस तरीके को गांजा की लत छुड़ाने के लिए सबसे अच्छा भारतीय उपचार बता रहे हैं। जबकि कई ये भी कह रहे हैं कि आंखों में मिर्च डालने से समस्या का समाधान नहीं होगा। यह बहुत ही खतरनाक काम है।

कई दिनों तक घर से बाहर रहता था
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, स्कूल छोड़ चुका यह लड़का एक हफ्ते पहले ही सोमवार को घर लौटा था। उसने कई दिनों तक घर से बाहर रहने की आदत बना ली थी। उसकी मां को शक था कि वह इस दौरान नशीली चीजों का इस्तेमाल करता है।

हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने महिला, उसके पति और बेटे की काउंसलिंग की । पुलिस ने बेटे को इस तरह से सजा देने की बजाय उसे डॉक्टर या मनोवैज्ञानिक के पास ले जाने को कहा है।