कोरबा। अगर सब कुछ बेहतर रहा तो आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज कोरबा को संचालन की मान्यता मिल सकेगी और आगे के रास्ते साफ हो सकेंगे। पिछले कोशिश में नाकामी हासिल होने के बाद एक बार फिर स्थानीय स्तर पर जरूरी व्यवस्था की गई। नेशनल मेडिकल काउंसिल की तीन सदस्यीय टीम ने कोरबा का दौरा किया और मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की व्यवस्था को जाना। टीम के द्वारा अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपी जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले वर्ष पांच मेडिकल कॉलेज के संबंध में भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा था जिसे सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी गई। इसी के साथ कोरबा मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।। उस समय माना जा रहा था कि जल्द ही मेडिकल कॉलेज से संबंधित औपचारिकताओं की पूर्ति कर ली जाएगी लेकिन कई मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण मामला बीच में अटक गया। इसके चलते चिकित्सा की पढ़ाई सहित दूसरे कार्यों पर बाधाएं आई। हताश होने के बजाय मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने स्थानीय स्तर पर अपनी ओर से प्रयास जारी रखें और उन सभी कमियों को दूर किया जिन्हें लेकर बार-बार शिकायत की जा रही थी। इन सबके बीच नेशनल मेडिकल कमिशन की 3 सदस्यों वाली टीम कोरबा पहुंची। झगड़हा स्थित मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग के साथ-साथ वर्तमान में चल रहे अस्पताल परिसर का जायजा सदस्यों ने लिया। उनके साथ स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।











