Thursday, March 12, 2026

पखांजूर में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने–सामने टक्कर, दो सगे भाइयों की मौत

पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में तेज रफ्तार ने एक बार फिर जान ले ली। पीवी–9 मार्ग पर मंगलवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने–सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर एक युवक सवार था, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई यात्रा कर रहे थे। दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और इसी दौरान अचानक आमने–सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पखांजूर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर सभी को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दो सगे भाइयों ने दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है