Sunday, May 31, 2026

पत्नी के कथित प्रेमी की हत्या: प्रधान पाठक ने बेटे के साथ मिलकर युवक का गला घोंटा, दोनों गिरफ्तार

 

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेम संबंधों से नाराज एक प्रधान पाठक ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वह पिछले एक सप्ताह से सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपनी पत्नी रीना कामले, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि रीना कामले का करीब दो वर्ष पहले अपनी छोटी बहन की शादी के दौरान लोरमी क्षेत्र के राम्हेपुर निवासी दावेन्द्र कुमार बघेल से परिचय हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर प्रेम संबंध स्थापित हो गए। करीब एक माह पहले शिव कामले को इसकी जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने पत्नी को दावेन्द्र से दूर रहने की चेतावनी दी थी और उसका सिम कार्ड भी तोड़ दिया था।

जानकारी के मुताबिक 30 मई की दोपहर दावेन्द्र कुमार बघेल रीना को नया सिम देने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया। इसके बाद उन्होंने दावेन्द्र को घर के भीतर बुलाया और रीना से दूरी बनाने की समझाइश देने लगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर शिव कामले और उसके बेटे ने मिलकर दावेन्द्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान स्थिति बिगड़ती देख रीना कामले घबराकर सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दावेन्द्र की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी शिव कामले और उसके बेटे को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।