Sunday, May 31, 2026

भारतमाला मार्ग पर ‘टेरर टैक्स’ का आतंक! मृत मवेशियों के शव रखकर वाहन चालकों से अवैध वसूली

कोरबा। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन उरगा-बिलासपुर मार्ग पर असामाजिक तत्वों की दबंगई लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि इस मार्ग पर सफर करना वाहन चालकों के लिए परेशानी और भय का कारण बनता जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा अभी इस मार्ग पर आधिकारिक टोल टैक्स शुरू नहीं किया गया है, लेकिन कुछ दबंग तत्व राहगीरों से जबरन वसूली कर रहे हैं।

रविवार को असामाजिक तत्वों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार करते हुए सड़क पर मृत मवेशियों के शव रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से मनमाने तरीके से पैसे वसूलने लगे। इस घटनाक्रम से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस अवैध वसूली का शिकार रायपुर जा रहीं एमपी नगर की पूर्व पार्षद आशा जायसवाल की पुत्री भी हुईं। उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में उन्होंने निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर खुलेआम हो रही वसूली और लोगों को हो रही परेशानियों को उजागर किया है।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना भी घट सकती है।

गौरतलब है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर अवैध वसूली की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूलने और रास्ता रोकने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और आम जनता को इस तरह की अवैध वसूली से कब राहत मिलती है।

  •