दुर्ग। सुप्रसिद्ध पंडवानी लोक गायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित Teejan Bai की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें All India Institute of Medical Sciences Raipur में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में उन्हें ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (MICU) में शिफ्ट कर दिया।
तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों द्वारा किए गए जांच और मेडिकल रिपोर्ट में उनके फेफड़ों में पानी भरने तथा निमोनिया की शिकायत सामने आई है। इसके अलावा उनका ब्लड प्रेशर भी काफी लो बताया गया है।
हालांकि परिवार ने राहत की खबर देते हुए बताया कि समय पर एम्बुलेंस से एम्स पहुंचाने और तत्काल इलाज मिलने के बाद अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। इस बीच छत्तीसगढ़ समेत देशभर में उनके प्रशंसक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पंडवानी लोकगायन को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने वाली तीजन बाई भारतीय लोक कला की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियों में गिनी जाती हैं। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्मविभूषण जैसे सम्मान से नवाजा जा चुका है।









