knn24news/ देश में कोरोना से हालात बेहद खराब हो गए हैं। हर दिन संक्रमितों और मौतों का नया आंकड़ा सामने आ रहा है। बुधवार को पहली बार एक दिन में 3 लाख 79 हजार 164 नए मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक एक दिन के अंदर मिले नए मरीजों का ये आंकड़ा सबसे अधिक है। इससे पहले 27 अप्रैल को सबसे ज्यादा 3.62 लाख मरीजों की पहचान हुई थी। इसके अलावा 24 घंटे के अंदर 3646 संक्रमितों की मौत भी हो गई। ये लगातार दूसरा दिन था जब तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इसके पहले मंगलवार को 3286 मौतें रिकॉर्ड की गईं थीं।
एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 30 लाख के पार पहुंचा
अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों, वेंटिलेटर संकट के बीच हर दिन कोरोना के एक्टिव केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। अब देश में 30 लाख 77 हजार 75 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। अमेरिका में सबसे ज्यादा 68 लाख एक्टिव केस हैं। हालांकि कोरोना की अगर यही रफ्तार रही तो आने वाले एक महीने के अंदर भारत में सबसे ज्यादा एक्टिव केस होंगे।









