
पाकिस्तान में करीब एक महीने से जारी सियासी घमासान फिलहाल थमता नजर आ रहा है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अविश्वास प्रस्ताव पर हुई वोटिंग में इमरान सरकार गिर गई। कुल 174 सांसदों ने उनके खिलाफ वोट दिया जो बहुमत से 2 ज्यादा है। वोटिंग में इमरान या उनका कोई समर्थक सांसद शामिल नहीं हुआ।
प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल किया गया। विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने PM कैंडिडेट के तौर पर नामांकन पत्र भरा। इसके तुरंत बाद शहबाज ने विपक्षी नेताओं को धन्यवाद दिया। वहीं, PTI की ओर से पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने PM पद का नामांकन दाखिल किया।
पाकिस्तान में सियासी घमासान के बड़े अपडेट्स…
- नेशनल असेंबली सचिवालय के मुताबि डिप्टी स्पीकर कासिम सूरी ने पद से इस्तीफा नहीं दिया है, इसलिए सोमवार को होने वाले सत्र की अध्यक्षता सूरी ही करेंगे।
- लंदन में नवाज शरीफ के घर के सामने इमरान खान की पार्टी समर्थकों ने जमकर प्रदर्शन किया।
- इमरान खान के पूर्व मंत्रियों को एग्जिट कंट्रोल लिस्ट में डालने की याचिका पर पाक सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा।
- शहबाज शरीफ के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहे FIA के अधिकारी छुट्टी पर चले गए हैं।
- शहबाज शरीफ और शाह महमूद कुरैशी का PM पद के लिए नामांकन मंजूर हो गया है। वोटिंग 11 अप्रैल दोपहर 2 बजे से होगी।
- इमरान जिस सीक्रेट लेटर का जिक्र कर रहे थे, उसे लेकर अब इस्लामाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।
-
PTI देगी सामूहिक इस्तीफा
इमरान की पार्टी के नेता फवाद चौधरी ने कहा है कि PTI नेशनल असेंबली में सामूहिक इस्तीफा देगी। साथ ही नई सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। शहबाज के उम्मीदवार बनने के बाद PTI सांसद फवाद ने कहा- PTI शहबाज को PM बनाए जाने के खिलाफ है। फवाद ने कहा- हम ऐसे व्यक्ति को बतौर पीएम नहीं स्वीकार कर सकते, जिस पर 16 बिलियन रुपए का मनी लॉन्ड्रिंग का केस चल रहा है। हालांकि, कुछ सदस्यों ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। पाक का PM बनने से पहले शहबाज ने दिखाया असली रंग
नामांकन भरने के बाद शहबाज शरीफ ने भी भारत के खिलाफ मन में भरी कड़वाहट बयान कर दी। भारत से रिश्ते सुधारने पर उन्होंने कहा कि ऐसा तब तक नहीं हो सकता जब तक कश्मीर मसला हल नहीं हो जाता। वहीं अपने भाई पर चले रहे कानूनी मुकदमों को लेकर कहा-उनके भाई नवाज के खिलाफ चल रहे केस कानून के अनुसार ही होंगे।










