Thursday, May 21, 2026

पेट्रोल खत्म हुआ तो ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक लादकर पंप पहुंचा युवक, गरियाबंद का VIDEO वायरल

गरियाबंद में पेट्रोलियम संकट के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। पेट्रोल खत्म होने के बाद एक युवक अपनी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर पेट्रोल पंप पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित शांति फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है। युवक की बाइक रास्ते में पेट्रोल खत्म होने से बंद हो गई थी। पेट्रोलियम संकट और सुरक्षा नियमों के चलते बोतल, डिब्बे या जरीकैन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगी हुई है। ऐसे में युवक को आसपास कहीं भी बोतल में पेट्रोल नहीं मिल सका।

फिर अपनाया ‘छत्तीसगढ़िया जुगाड़’

परेशान युवक ने आखिरकार देसी तरीका अपनाया। उसने अपनी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादा और सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया। जब ट्रॉली में बाइक लादकर वह पंप पहुंचा तो वहां मौजूद लोग कुछ देर तक हैरान रह गए।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने भी ट्रॉली पर बाइक देखकर आश्चर्य जताया। बाद में युवक ने बाइक में पेट्रोल भरवाया और वहां से रवाना हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस अनोखे जुगाड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कई लोग इसे “देसी जुगाड़” बता रहे हैं, तो कुछ इसे “छत्तीसगढ़िया जुगाड़” का बेहतरीन उदाहरण कह रहे हैं।

पेट्रोल संकट के बीच सामने आई यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।