Friday, October 16, 2026

फ्लाइंग किस को लेकर कैफे में बवाल: युवतियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट, कुर्सियों से हमला; VIDEO वायरल

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित एक कैफे में युवतियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक कैफे की कुर्सियां उठाकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मामला GRP थाना रायपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक 13 मार्च की रात करीब 12 बजे एक युवती अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के बाद रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कैफे लाइट पहुंची थी। यहां तीन युवतियां और उनके दो साथी खाना खाने आए थे। इसी दौरान कैफे में पहले से मौजूद कुछ युवक नशे की हालत में युवतियों को देखकर कमेंट्स करने लगे।

फ्लाइंग किस और आपत्तिजनक कमेंट्स का आरोप

युवती पक्ष का आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने उन्हें देखकर फ्लाइंग किस किया और आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगे। शुरुआत में युवतियों ने विवाद से बचने के लिए इसे नजरअंदाज किया, लेकिन कुछ देर बाद युवक उनके टेबल के पास आकर बैठ गए और बदसलूकी करने लगे।

विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट

बताया जा रहा है कि जब युवतियों के साथ आए युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनका कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने कैफे की कुर्सियां उठाकर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे कैफे में अफरातफरी मच गई।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद युवतियां और उनके साथी GRP थाना रायपुर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरे पक्ष के युवक सन्नी सूर्यवंशी ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद नशे में धुत युवक मौके से फरार हो गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।