Monday, March 23, 2026

बिजली संकट के बीच CG पहुंचे केंद्रीय कोयला मंत्री:प्रह्लाद जोशी ने कहा- कोल प्रोडक्शन बढ़ा रहे, अब स्थिति नियंत्रण में है; किसी भी कीमत पर देश में बिजली संकट नहीं होने देंगे

देश में कोयले की कमी से आए बिजली संकट की खबरों के बीच केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी बुधवार को बिलासपुर पहुंचे। उनके साथ कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल भी आए हैं। दोनों एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से कोरबा चले गए। छत्तीसगढ़ की 41 खदानों से कोल इंडिया की कंपनी SECL कोयला निकालती है। यह देश से निकलने वाले कोयले का 20 फीसदी है। 150 लाख मीट्रिक टन कोयले का सालाना उत्पादन होता है। कोरबा जिले की ही खदानों से SECL 130 लाख मीट्रिक टन कोयला निकालती है।

कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने मीडिया से बात नहीं की। कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वे कोयला उत्पादन बढ़ाने को लेकर मंथन करेंगे और कोरबा में अधिकारियों की बैठक लेकर उत्पादन की समीक्षा करेंगे। इस समय देश में डिमांड बढ़ गई है और बारिश के कारण खदानों से कोयला निकालने में परेशानी हो रही थी, इसलिए ऐसी स्थिति थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि इस समय बिजली कंपनियों की डिमांड 1.1 मिलियन टन है, लेकिन हम आज की तारीख में ही 2 मिलियन टन का प्रोडक्शन करने लगे हैं।

मंत्री जोशी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (SECL) के मेगा प्रोजेक्ट दीपका, गेवरा व कुसमुंडा खदान का दौरा करेंगे। कोयला मंत्री जोशी अधिकारियों की बैठक के बाद दोपहर 2:30 बजे वापस गेवरा से बिलासपुर आएंगे। फिर तीन बजे बिलासपुर से विशेष विमान से रांची के लिए रवाना होंगे।