Thursday, November 19, 2026

बीजापुर के जंगल में नक्सलियों का छिपा डंप बरामद, 50 BGL सेल मिले; सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। तलाशी के दौरान मौके से 50 नग बीजीएल (BGL) सेल मिले हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है।

खुफिया सूचना पर संयुक्त टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर के जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

अभियान के दौरान जवानों को जंगल में कुछ संदिग्ध स्थान दिखाई दिए। इसके बाद इलाके की सघन तलाशी ली गई, जिसमें नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डंप बरामद हुआ।

50 BGL सेल बरामद, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

तलाशी के दौरान डंप से कुल 50 नग BGL सेल बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है। मामले में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इलाके में नक्सल विरोधी अभियान जारी

इस बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान तेज रखा है। जंगल और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।