बीजापुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर शुक्रवार सुबह से नक्सलियों और सुरक्षा बलों के जवानों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 और एक इंसास राइफल बरामद होने की भी सूचना है, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता सी-60 द्वारा शुरू किया गया था। अबूझमाड़ के दुर्गम इलाके में सर्चिंग और डोमिनेटिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की मौजूदगी के पुख्ता संकेत मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। इसके बाद से ही दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ स्थल बेहद घना और दुर्गम जंगल क्षेत्र है, जहां नक्सली लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। अबूझमाड़ इलाका नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता है और यहां सुरक्षाबलों को हर कदम पर कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है।
फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ऑपरेशन के पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।








