Friday, November 13, 2026

बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: माओवादियों के 3 डंप बरामद, 136 BGL सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए गए हैं। इनमें 136 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री मिली है। सुरक्षाबलों ने सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने दोनों थाना क्षेत्रों में अलग-अलग सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान में डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड की टीमें शामिल रहीं। डॉग स्क्वाड की मदद से जंगल में संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई, जिसके बाद माओवादियों के छिपाए गए डंप का पता चला।

पामेड़ के जंगल में 103 बीजीएल सेल बरामद

थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में डीआरजी, डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।

सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप की पहचान की गई। तलाशी में 103 नग बीजीएल सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद हुई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया।

गंगालूर में दो डंप से 33 बीजीएल सेल और 1400 फीट वायर जब्त

इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सर्च अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही।

सर्चिंग के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए दो माओवादी डंप बरामद किए गए। इनसे 33 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

पामेड़ और गंगालूर थाने में वैधानिक कार्रवाई

सुरक्षाबलों ने खुफिया आसूचना के आधार पर दोनों इलाकों में संयुक्त अभियान संचालित किया था। तीनों डंप से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।