Thursday, March 5, 2026

बेखौफ चोरों का आतंक, तीन घंटे में सूने मकान से 16 लाख की चोरी

जगदलपुर। दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब जगदलपुर शहर में एक बार फिर लाखों की चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र की सन सिटी कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने महज तीन घंटे के भीतर करीब 15 से 16 लाख रुपये की चोरी कर ली। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सन सिटी कॉलोनी निवासी फुटवियर व्यापारी सुरेश मठानी गुरुवार शाम करीब 7 बजे अपने परिवार के साथ बहू की डिलीवरी के लिए डिमरापाल अस्पताल गए थे। रात करीब 10 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित लाखों का माल समेट ले गए हैं।

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के पीछे से प्रवेश किया, जिससे साफ जाहिर होता है कि वारदात पूरी रेकी और सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि चोरों को कैसे पता था कि परिवार कितनी देर तक घर से बाहर रहेगा। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध चोर दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में धारदार हथियार भी नजर आ रहा है।

गौरतलब है कि बीते पांच दिनों में कोतवाली थाना क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी के मामले में भी पुलिस को अब तक सिर्फ सीसीटीवी फुटेज ही हाथ लगे हैं और आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अब एक बार फिर लाखों की चोरी के बाद भी पुलिस के पास फुटेज के अलावा कोई ठोस सुराग नहीं है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज करने की बात कही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन बेखौफ चोरों तक पहुंच पाती है और शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कब लगाम लगती है।