रायगढ़। जिले के घरघोड़ा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेटे की मौत के गहरे सदमे में एक पिता ने कथित तौर पर मंदिर के बाहर अपनी जीभ काट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सनत कुमार खांडे के 8 वर्षीय बेटे रितेश कुमार खांडे की बीती शाम तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में था। परिजनों के मुताबिक, सनत कुमार रातभर मानसिक तनाव और गहरे दुख में डूबे हुए थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 3 बजे वे घरघोड़ा के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचे। इसी दौरान कथित तौर पर भावनात्मक आवेग और आस्था के बीच उन्होंने अपनी जीभ काट ली। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण वे मंदिर परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत उन्हें संभालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है। बेटे को खोने के दर्द ने एक पिता को किस हद तक तोड़ दिया, यह घटना उसकी भयावह तस्वीर बनकर सामने आई है। क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।








