Saturday, April 4, 2026

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने की हेड-कॉन्स्टेबल पति की हत्या, धारदार हथियार से वार कर शव रेत में गाड़ा

महिला ने बॉयफ्रेंड संग रहने के लिए पति की हत्या का प्लान बनाया।बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हेड-कॉन्स्टेबल पति की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, जिसके चलते दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात की साजिश रची। बताया जा रहा है कि महिला और उसके बॉयफ्रेंड ने छिपकर शादी भी कर ली थी।

मिलने के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी बॉयफ्रेंड ने प्लानिंग के तहत मृतक हेड-कॉन्स्टेबल को मिलने के बहाने बलरामपुर बुलाया। जैसे ही वह ग्राम सतिसेमर पहुंचा, आरोपी ने धारदार हथियार (खुरपी) से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

शव नदी पार ले जाकर रेत में दफनाया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को सेंदुर नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत के नीचे गाड़ दिया। इसके साथ ही मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान छिपा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो। वारदात के बाद दोनों आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे।

ग्रामीणों की सूचना से खुला राज
यह मामला 29 जनवरी 2026 का है। शाम के समय कुछ ग्रामीण सेंदुर नदी की ओर गए थे, जहां रेत में दबा शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव काफी सड़ा-गला होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि
पुलिस जांच के दौरान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह हत्या का मामला है। जांच के दौरान कड़ियां जुड़ती चली गईं और आखिरकार पत्नी व उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका सामने आई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने महिला और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सतिसेमर का है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।