
कोरबा में गुरुवार को बोरवेल गाड़ी से कुचलकर ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने परिजनों के साथ तालाब से नहाकर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौत देखकर ग्रामीण आक्राशित हो गए। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नगोई बछेरा निवासी अनिल पटेल अपनी ढाई साल की बच्ची प्राची और परिवार के साथ तालाब में नहाने के लिए गए थे। वहां से लौटने के दौरान घर के पास ही प्राची अचानक से सड़क पर पहुंच गई। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही बोरवेल गाड़ी ने उसे कुचल दिया। बोरवेल गाड़ी की चपेट में आकर बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे।









