Friday, August 21, 2026

वायनाड में राहुल के ऑफिस पर हमला:दफ्तर में घुसकर भीड़ ने की तोड़फोड़; कांग्रेस का आरोप- SFI के हमलावरों ने स्टाफ को भी पीटा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के केरल के वायनाड दफ्तर में शुक्रवार दोपहर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। कांग्रेस ने घटना के पीछे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) का हाथ होने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि SFI के गुंडों ने पार्टी कार्यालय में मौजूद स्टाफ से मारपीट भी की

कांग्रेस सांसद के दफ्तर में तोड़फोड़ का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि शुक्रवार दोपहर को वायनाड में कुछ लोग कांग्रेस सांसद के दफ्तर की खिड़कियों पर चढ़ गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हाथों में SFI के झंडे लिए कुछ लोग दफ्तर के अंदर तक पहुंच गए। वहां इन लोगों ने नारेबाजी की औस सामान भी तोड़ दिया।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के दफ्तर पर हमले के लिए केरल के मुख्यमंत्री को जिम्मेदार बताया है। युवक कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने आरोप लगाया कि केरल में अराजकता फैल गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर केरल के मुख्यमंत्री इस तरह के उपद्रवियों को संरक्षण क्यों दे रहे हैं।

केरल कांग्रेस के नेता और विधायक टी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के दफ्तर पर यह पूर्व नियोजित हमला था। उन्होंने भी राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पी विजयन पर सवाल खड़े किए।

केरल के CM ने दोषियों को सजा देने की बात कही
इधर, राहुल गांधी के ऑफिस पर हमले को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन का भी बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में हर किसी को अपनी राय जाहिर करने का हक है, लेकिन इसकी हद नहीं तोड़ी जानी चाहिए। उन्होंने हिंसा को पूरी तरह गलत बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।